राज्य स्तरीय बिहार रेड रन-2026 में कैमूर के शिवम कुमार का सम्मान, जनस्वास्थ्य जागरूकता अभियान में उत्कृष्ट योगदान की मिली सराहना

पटना/भभुआ (कैमूर)। युवाओं और आमजन के बीच एचआईवी/एड्स, सुरक्षित रक्तदान तथा यौन संचारित संक्रमण (एसटीआई) के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति (बीएसएसीएस), स्वास्थ्य विभाग, बिहार सरकार द्वारा पाटलिपुत्र खेल परिसर, कंकड़बाग (पटना) में राज्य स्तरीय ‘बिहार रेड रन-2026’ का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर कैमूर जिले के युवा समाजसेवी एवं रिसोर्स पर्सन शिवम कुमार को जनस्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान, नेतृत्व क्षमता और समर्पण के लिए राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि तथा बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के परियोजना निदेशक सुमित कुमार ने रेड रन को हरी झंडी दिखाकर किया। पांच किलोमीटर की यह दौड़ पाटलिपुत्र खेल परिसर से शुरू होकर मेदांता अस्पताल एवं शालिमार मार्ग होते हुए पुनः खेल परिसर में संपन्न हुई। राज्य के सभी 38 जिलों से लगभग 250 छात्र-छात्राओं, नोडल पदाधिकारियों और अधिकारियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया, जबकि करीब 700 युवाओं एवं आमजन ने वॉकाथॉन में शामिल होकर एचआईवी/एड्स जागरूकता का संदेश दिया।

प्रतियोगिता में पुरुष, महिला और ट्रांसजेंडर वर्ग के विजेताओं को क्रमशः ₹10,000, ₹7,500 एवं ₹5,000 की पुरस्कार राशि तथा प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। राज्य स्तरीय विजेता अब राष्ट्रीय स्तर की रेड रन प्रतियोगिता में बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे।समारोह के दौरान स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि, परियोजना निदेशक सुमित कुमार, संयुक्त निदेशक (आईईसी) मनोज कुमार सिन्हा, अपर परियोजना निदेशक एन.के. गुप्ता तथा सहायक निदेशक (युवा) आलोक सिंह ने कैमूर के शिवम कुमार को सम्मानित करते हुए जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की।शिवम कुमार ने रिसोर्स पर्सन के रूप में सारण, सिवान, गोपालगंज, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, अररिया, किशनगंज, कटिहार, भागलपुर और बांका सहित बिहार के कई जिलों में आयोजित जिला स्तरीय बिहार रेड रन-2026 कार्यक्रमों का सफल संचालन एवं समन्वय किया।

उन्होंने हजारों युवाओं, विद्यार्थियों और आमजन को एचआईवी/एड्स की रोकथाम, समय पर जांच, सुरक्षित जीवनशैली, सुरक्षित व्यवहार, सुरक्षित रक्तदान तथा सामाजिक भेदभाव को समाप्त करने के प्रति जागरूक किया। उनके नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से स्वास्थ्य, फिटनेस और जनजागरूकता का प्रभावी संदेश समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचा।राज्य स्तरीय सम्मान मिलने पर कैमूर जिले के सामाजिक संगठनों, युवाओं एवं शुभचिंतकों ने शिवम कुमार को बधाई देते हुए इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!