शहीद संजय सिंह महिला महाविद्यालय की शासी निकाय बैठक में विकास को मिली नई दिशा

शहीद संजय सिंह महिला महाविद्यालय की शासी निकाय की बैठक संपन्न, विकास कार्यों को लेकर कई अहम निर्णय

पहली बार जनप्रतिनिधि के रूप में विधायक भरत बिन्द की गरिमामय उपस्थिति, शैक्षणिक गुणवत्ता, नियुक्तियों और आधारभूत सुविधाओं पर हुई विस्तृत समीक्षा

भभुआ (कैमूर), 31 जुलाई।शहीद संजय सिंह महिला महाविद्यालय, भभुआ में शुक्रवार को शासी निकाय (गवर्निंग बॉडी) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पदाधिकारी कैमूर, अनुमंडल पदाधिकारी भभुआ, महाविद्यालय के प्राचार्य तथा शासी निकाय के सदस्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर पहली बार जनप्रतिनिधि के रूप में भभुआ विधानसभा क्षेत्र के विधायक भरत बिन्द ने बैठक में भाग लिया और महाविद्यालय के सर्वांगीण विकास को लेकर अपने महत्वपूर्ण सुझाव एवं मार्गदर्शन दिए।बैठक के दौरान महाविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार, आधारभूत संरचना को मजबूत करने तथा प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

विधायक भरत बिन्द ने कहा कि छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने महाविद्यालय के विकास के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन देते हुए विकास योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर बल दिया।शासी निकाय की बैठक में अस्थायी प्राचार्य की नियुक्ति, विभिन्न विषयों में रिक्त पदों पर अस्थायी सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति, नव नियुक्त शिक्षकों के विश्वविद्यालय से अनुमोदन की प्रक्रिया, पिछली बैठक की कार्यवाही एवं व्यय की संपुष्टि, सत्र 2025-26 के महाविद्यालय कोष के अंकेक्षण, विभिन्न विकासात्मक योजनाओं के क्रियान्वयन तथा शिक्षक प्रतिनिधि के निर्वाचन के लिए मतदाता सूची के अनुमोदन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर आवश्यक निर्णय लिए गए और संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में महाविद्यालय परिसर के रखरखाव, भवन की मरम्मत, सौंदर्यीकरण तथा सोलर लाइट व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अभियंत्रण विभाग को आवश्यक कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही छात्राओं के लिए उपलब्ध प्रयोगशाला एवं अन्य शैक्षणिक सुविधाओं के प्रभावी संचालन को सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया।बैठक के समापन पर विधायक भरत बिन्द ने कहा कि शहीद संजय सिंह महिला महाविद्यालय को क्षेत्र का उत्कृष्ट शिक्षण संस्थान बनाने के लिए प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और महाविद्यालय प्रबंधन के समन्वित प्रयास लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि लिए गए निर्णयों के प्रभावी क्रियान्वयन से महाविद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता और आधारभूत सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा।बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने महाविद्यालय के शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं आधारभूत विकास के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई। माना जा रहा है कि शासी निकाय की यह बैठक महाविद्यालय के विकास कार्यों को नई गति देने और छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!