भभुआ में छात्राओं का अनोखा अभियान, 20 हजार सीड बॉल बनाने का लक्ष्य

भभुआ में छात्राओं ने तैयार किए सीड बॉल, 20 हजार सीड बॉल बनाने का लक्ष्यपर्यावरण संरक्षण अभियान के तहत विद्यालय में आयोजित हुआ विशेष कार्यक्रम, युवाओं और छात्र-छात्राओं से जुड़ने की अपील

भभुआ (कैमूर), 31 जुलाई।जिला मुख्यालय स्थित नगरपालिका मध्य विद्यालय, भभुआ में शनिवार को पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पर्यावरण प्रेमी शिवम कुमार के नेतृत्व में सीड बॉल निर्माण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नीम, जामुन, कचनार, खैरा, कनेर, सीरीश सहित विभिन्न फलदार एवं छायादार पौधों के बीजों से बड़ी संख्या में सीड बॉल तैयार किए।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को सीड बॉल बनाने की विधि, उसके महत्व और पर्यावरण संरक्षण में उसकी उपयोगिता की जानकारी दी गई। छात्राओं ने इसे एक नई और प्रेरणादायक पहल बताते हुए पर्यावरण बचाने के लिए आगे आने का संकल्प लिया।पर्यावरण प्रेमी शिवम कुमार ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए समय-समय पर जागरूकता चौपाल एवं विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

उन्होंने कहा कि वर्तमान मानसून का मौसम पौधों के विकास के लिए सबसे अनुकूल समय है। वृक्ष वर्षा चक्र को संतुलित रखने और जलवायु परिवर्तन के प्रभाव को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए इस मौसम का अधिकतम लाभ उठाकर हरियाली बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।उन्होंने बताया कि सीड बॉल मिट्टी, चिकनी मिट्टी और बीजों का मिश्रण होता है, जो बीजों को तेज धूप, हवा और अन्य प्रतिकूल परिस्थितियों से सुरक्षित रखता है। वर्षा होने पर यह बॉल गल जाती है और बीज अंकुरित होकर पौधों का रूप ले लेते हैं।शिवम कुमार ने बताया कि तैयार किए गए सीड बॉल को जिले के विभिन्न नदी तटों, जंगलों, पहाड़ी क्षेत्रों, पथरीली भूमि, तालाबों, रेल पटरी के किनारों तथा खाली पड़ी वन भूमि में फैलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक स्थानों पर प्राकृतिक रूप से पौधे विकसित हो सकें।उन्होंने कहा कि इस अभियान में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के युवा, पहाड़ी क्षेत्र के निवासी, कॉलेज एवं विद्यालयों के छात्र-छात्राएं तथा पर्यावरण प्रेमियों को जोड़ा जा रहा है।

अभियान के तहत 20 हजार सीड बॉल तैयार करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधारोपण करने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसके बड़े होने तक उसकी देखभाल करे। उन्होंने कहा कि “एक पौधा दस पुत्रों के समान होता है” और पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण के साथ-साथ सीड बॉल अभियान को भी जन-जन तक पहुंचाना आवश्यक है।कार्यक्रम के अंत में छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया गया और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित एवं सुरक्षित पर्यावरण देने के लिए सभी से इस अभियान से जुड़ने की अपील की गई। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षक, छात्राएं एवं अन्य पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!