कुदरा के पछाहगंज गोदाम से 40 क्विंटल सरिया गायब, पीड़ित ने लगाया चोरी का आरोप

कुदरा के पछाहगंज गोदाम से 40 क्विंटल सरिया गायब, पीड़ित ने लगाया चोरी का आरोप

करीब तीन लाख रुपये की 42 क्विंटल सरिया में से 40 क्विंटल रहस्यमय तरीके से लापता, 112 पुलिस ने की प्रारंभिक जांच, थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग

कुदरा (कैमूर), 1 अगस्त।कुदरा थाना क्षेत्र के पछाहगंज स्थित एक गोदाम से बड़ी मात्रा में लोहे की सरिया रहस्यमय तरीके से गायब होने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने इसे चोरी की घटना बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। सूचना मिलने के बाद डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी। वहीं कुदरा थाना पुलिस ने आवेदन मिलने की पुष्टि करते हुए जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज करने की बात कही है।जानकारी के अनुसार कैमूर जिले के बैलोडी गांव निवासी गौतम कुमार ने अपने निजी मकान निर्माण के लिए लगभग 42 क्विंटल लोहे की सरिया खरीदी थी।

उन्होंने निर्माण कार्य शुरू होने तक सरिया को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से पछाहगंज स्थित एक गोदाम में रखवा दिया था। पीड़ित के अनुसार सरिया की बाजार कीमत लगभग तीन लाख रुपये है।गौतम कुमार ने बताया कि करीब 25 दिनों बाद जब वह गोदाम से सरिया निकालने पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। गोदाम में रखी गई 42 क्विंटल सरिया में से लगभग 40 क्विंटल सरिया गायब थी। उन्होंने आसपास के लोगों से पूछताछ की और अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन सरिया का कोई सुराग नहीं मिल सका।

घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने तत्काल डायल-112 पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी जुटाई। इसके बाद पीड़ित ने कुदरा थाना पहुंचकर लिखित आवेदन देते हुए अज्ञात लोगों के विरुद्ध चोरी का मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।इस संबंध में कुदरा थाना अध्यक्ष ने बताया कि सरिया चोरी का आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी चर्चा का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि गोदाम से इतनी बड़ी मात्रा में सरिया चोरी हुई है तो इसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लग सके।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!