
कुदरा में खाद के लिए किसानों की लंबी कतार, वितरण में अनियमितता का आरोप
सुबह से लाइन में खड़े किसान, फिर भी नहीं मिली खाद, फूटा गुस्सासकरी स्थित बिस्मन भवन में खाद वितरण पर हंगामा,
किसानों ने लगाया पैसे लेकर खाद देने का आरोपखाद संकट से परेशान किसान, निष्पक्ष वितरण की उठाई मांग
कुदरा (कैमूर), 1 अगस्त।कुदरा प्रखंड क्षेत्र के सकरी स्थित बिस्मन भवन में खाद वितरण के दौरान शनिवार को किसानों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। खाद लेने के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में किसान लंबी कतार में खड़े रहे, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी कई किसानों को खाद नहीं मिल सकी। इससे किसानों में नाराजगी और आक्रोश देखने को मिला।मौके पर मौजूद किसानों ने आरोप लगाया कि खाद वितरण में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है। उनका कहना था कि वे सुबह से बिना खाए-पिए लाइन में खड़े हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें खाद नहीं दी जा रही है।
किसानों का आरोप है कि अंदर अलग से पैसे लेकर कुछ लोगों को खाद उपलब्ध कराई जा रही है, जबकि आम किसानों को घंटों लाइन में खड़ा रखकर परेशान किया जा रहा है।किसानों ने कहा कि खेती का मौसम चल रहा है और समय पर खाद नहीं मिलने से धान सहित अन्य फसलों की बुआई एवं देखभाल प्रभावित हो रही है। उनका कहना है कि यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा।घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। किसानों ने प्रशासन से खाद वितरण की निष्पक्ष जांच कराने तथा सभी किसानों को निर्धारित नियमों के अनुसार खाद उपलब्ध कराने की मांग की। किसानों का कहना है कि यदि अनियमितता पर रोक नहीं लगी तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।हालांकि, इस संबंध में संबंधित खाद विक्रेता अथवा प्रशासनिक अधिकारियों का पक्ष समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सका। यदि प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया आती है तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
