
भभुआ में सांप काटने से 45 वर्षीय महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम
भभुआ (कैमूर), 1 अगस्त।भभुआ थाना क्षेत्र के देवरजीकला गांव में विषैले सांप के काटने से एक 45 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।जानकारी के अनुसार, देवरजीकला गांव निवासी लक्ष्मन राम की 45 वर्षीय पत्नी तेतरा देवी शुक्रवार देर रात अपने घर में सो रही थीं। इसी दौरान एक विषैले सांप ने उन्हें काट लिया। कुछ ही देर में उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। महिला की हालत गंभीर होते देख परिजनों ने तत्काल वाहन की व्यवस्था कर उन्हें इलाज के लिए भभुआ सदर अस्पताल पहुंचाया।
सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने महिला की जांच की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।बताया जा रहा है कि बरसात के मौसम में ग्रामीण क्षेत्रों में सांप निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि सांप काटने की स्थिति में झाड़-फूंक या घरेलू उपचार में समय न गंवाकर पीड़ित को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल पहुंचाना चाहिए, ताकि समय पर इलाज मिल सके।घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ग्रामीण क्षेत्रों में सर्पदंश से बचाव के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
