
मोबाइल दुकान का ताला व शटर काटकर चोरी का प्रयास, स्थानीय लोगों की सतर्कता से बड़ी वारदात टली
सीसीटीवी में करीब डेढ़ घंटे तक चोरी की कोशिश करता दिखा अज्ञात चोर, पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
कुदरा (कैमूर), 2 अगस्त।कुदरा थाना क्षेत्र के कुदरा बाजार स्थित वार्ड संख्या-15 में शनिवार की देर रात एक मोबाइल दुकान में ताला और शटर काटकर चोरी करने का प्रयास किया गया। हालांकि स्थानीय लोगों की सतर्कता और समय रहते पुलिस को सूचना दिए जाने के कारण चोर अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके और मौके से फरार हो गए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।जानकारी के अनुसार, चेनारी (रोहतास) निवासी एवं चतुर्भुज मोबाइल दुकान के संचालक पवन गुप्ता ने बताया कि शनिवार की रात करीब 12:35 बजे एक अज्ञात व्यक्ति बैटरी से चलने वाली कटर मशीन लेकर उनकी दुकान पर पहुंचा। सीसीटीवी फुटेज में वह दुकान के ताले और शटर को काटने का प्रयास करता हुआ दिखाई दे रहा है। उन्होंने बताया कि चोर करीब 12:35 बजे से रात 2:00 बजे तक दुकान में सेंध लगाने की कोशिश करता रहा।
बताया जाता है कि कटर मशीन की तेज आवाज और उससे निकल रही चिंगारी देखकर वार्ड संख्या-12 निवासी लव कुश रस्तोगी की नजर दुकान की ओर गई। उन्होंने तत्काल शोर मचाया, जिससे चोर घबरा गया और मौके से फरार हो गया। इसके बाद तत्काल डायल 112 पुलिस को घटना की सूचना दी गई।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दुकान और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।दुकान संचालक पवन गुप्ता ने बताया कि यदि समय रहते स्थानीय लोगों की नजर नहीं पड़ती, तो दुकान में रखे महंगे मोबाइल फोन एवं अन्य सामान की चोरी हो सकती थी। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।इस संबंध में कुदरा थाना अध्यक्ष ने बताया कि दुकान संचालक की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है।
आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात चोर की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।स्थानीय लोगों ने भी बाजार क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
