चार राज्यों में फैला ज्वेलरी लुटेरों का नेटवर्क बेनकाब, कैमुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

कैमूर पुलिस ने किया अंतरराज्यीय ज्वेलरी लूट गिरोह का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार; झारखंड में पांच और दबोचे

कैमूर में अंतरराज्यीय ज्वेलरी लूट गिरोह का पर्दाफाश, दो बदमाश गिरफ्तार; झारखंड में पांच अन्य आरोपी भी दबोचे

भभुआ (कैमूर)। कैमूर पुलिस ने ज्वेलरी कारोबारी से हुई दिनदहाड़े लूटकांड का सफल खुलासा करते हुए एक अंतरराज्यीय ज्वेलरी लूट गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह के पांच अन्य सदस्यों को झारखंड के गुमला जिले से गिरफ्तार किए जाने की जानकारी मिली है। पुलिस का दावा है कि यह गिरोह बिहार, झारखंड, ओडिशा और आंध्र प्रदेश समेत कई राज्यों में सक्रिय होकर ज्वेलरी कारोबारियों को निशाना बनाता था।जानकारी के अनुसार, 26 जुलाई 2026 की शाम भभुआ थाना क्षेत्र के अखिलासपुर निवासी एक ज्वेलरी व्यवसायी से हथियार के बल पर करीब 16 ग्राम सोने और 750 ग्राम चांदी के आभूषण लूट लिए गए थे।

घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पूरे गिरोह का खुलासा कर दिया।पुलिस ने कार्रवाई के दौरान लूट में प्रयुक्त तीन मोटरसाइकिल, लूटा गया बैग तथा पीड़ित का आधार कार्ड बरामद किया है। पूछताछ में सामने आया कि गिरोह के सदस्य अलग-अलग राज्यों में किराये के मकान लेकर रहते थे और वहीं से योजनाबद्ध तरीके से ज्वेलरी कारोबारियों की रेकी कर लूट की घटनाओं को अंजाम देते थे।जांच में यह भी खुलासा हुआ कि गिरफ्तार दो आरोपी ओडिशा के रहने वाले हैं, जबकि गिरोह के पांच अन्य सदस्यों को झारखंड पुलिस ने गुमला जिले में गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, गिरोह के तार आंध्र प्रदेश तक जुड़े हुए हैं और इसके सदस्य कई राज्यों में सक्रिय रहकर वारदातों को अंजाम देते थे।कैमूर पुलिस ने बताया कि गिरोह के फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य राज्यों में हुई ज्वेलरी लूट की घटनाओं का भी खुलासा होने की संभावना है। पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से अंतरराज्यीय ज्वेलरी लूट नेटवर्क पर बड़ी चोट पहुंची है।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!