
मोहनिया थाना पहुंचे एसपी शिखर चौधरी, औचक निरीक्षण में परखी पुलिस व्यवस्थाभभुआ/
मोहनिया (कैमूर)। कैमूर जिले में पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की दिशा में पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी लगातार सक्रिय हैं। इसी क्रम में सोमवार को उन्होंने मोहनिया थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना की कार्यप्रणाली का गहनता से जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना के अभिलेखों, अपराध पंजी, मालखाना, हाजत, सीसीटीवी व्यवस्था, आगंतुक कक्ष, सुरक्षा व्यवस्था तथा थाना परिसर की साफ-सफाई का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने सभी अभिलेखों के नियमित संधारण और रिकॉर्ड को अद्यतन रखने पर विशेष जोर दिया।पुलिस अधीक्षक ने लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए अनुसंधानकर्ताओं को मामलों का त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी मामले में अनावश्यक विलंब या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।एसपी ने थाना परिसर की स्वच्छता बनाए रखने, सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने, सीसीटीवी सिस्टम को पूरी तरह सक्रिय रखने तथा आम नागरिकों के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि थाना आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता से सुनकर उसका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।निरीक्षण के दौरान पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाने तथा जनता के बीच पुलिस की सकारात्मक छवि स्थापित करने के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करने की हिदायत दी गई।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट )
