सदर अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं की गहन समीक्षा, कमियां दूर करने के दिए गए सख्त निर्देश

सदर अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं की हुई गहन समीक्षा, रोगी कल्याण समिति ने दूर कीं कमियां और दिए सुधार के निर्देशसिविल सर्जन की अध्यक्षता में हुई बैठक, सभी विभागों का निरीक्षण कर मरीजों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने पर रहा जोर

भभुआ (कैमूर)। कैमूर सदर अस्पताल में बुधवार को सिविल सर्जन डॉ. चन्देश्वरी रजक की अध्यक्षता में रोगी कल्याण समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं मरीजों के अनुकूल बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान समिति के सदस्यों ने अस्पताल के विभिन्न विभागों का गहन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा जहां-जहां कमियां मिलीं, उन्हें शीघ्र दूर करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया।

बैठक के दौरान महिला वार्ड, सामान्य वार्ड, कैंसर विभाग, आईसीयू, एनआईसीयू, मेडिकल स्टोर, सर्जिकल विभाग, मेडिसिन विभाग, पैथोलॉजी, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन, डायलिसिस यूनिट तथा ड्रग इंस्पेक्टर कार्यालय सहित अस्पताल के लगभग सभी महत्वपूर्ण विभागों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कई व्यवस्थागत कमियां सामने आईं, जिनके त्वरित सुधार के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष एवं रोगी कल्याण समिति के सदस्य डॉ. संतोष जायसवाल ने कहा कि समिति का मुख्य उद्देश्य सदर अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए समिति समय-समय पर औचक निरीक्षण भी करेगी और व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी रखेगी।सिविल सर्जन डॉ. चन्देश्वरी रजक ने भी अस्पताल की सेवाओं में निरंतर सुधार लाने पर बल देते हुए अधिकारियों एवं कर्मियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मरीजों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और अस्पताल में उपलब्ध सभी संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा।बैठक में जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) ऋषिकेश जायसवाल, उपाधीक्षक डॉ. विनोद सिंह, अस्पताल प्रबंधक शैलेन्द्र कुमार, डॉ. संतोष जायसवाल, ओमप्रकाश गुप्ता, संजय कुमार गुप्ता, डॉ. लक्ष्मण सिंह, नीतू सिंह, किरण कुमारी, रमेश पासवान, रघुबंस राम, महताब अंसारी सहित रोगी कल्याण समिति के अन्य सदस्य एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में लिए गए निर्णयों के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विशेष जोर दिया गया।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!