
समेकित जांच चौकी पर उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, डीसीएम ट्रक से 5,670 लीटर विदेशी शराब जब्तखाली कार्टन के बीच छिपाकर हरियाणा से लाई जा रही थी करीब 650 पेटी शराब, चालक गिरफ्तार, कीमत लगभग 85 लाख रुपये
भभुआ/मोहनिया (कैमूर)। कैमूर जिले के उत्पाद विभाग ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मोहनिया थाना क्षेत्र के दिल्ली-कोलकाता राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित समेकित जांच चौकी से एक डीसीएम ट्रक में छिपाकर लाई जा रही भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 85 लाख रुपये बताई जा रही है।उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि हरियाणा से बिहार की ओर एक डीसीएम ट्रक में अवैध शराब की बड़ी खेप लाई जा रही है।
सूचना के आधार पर समेकित जांच चौकी पर वाहनों की सघन जांच शुरू की गई। इसी दौरान RJ32GE-8700 नंबर के डीसीएम ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। जांच में ट्रक के भीतर खाली कार्टनों के बीच बेहद सुनियोजित तरीके से विदेशी शराब की पेटियां छिपाकर रखी गई थीं।तलाशी के दौरान करीब 650 पेटी विभिन्न ब्रांड की विदेशी शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा लगभग 5,670 लीटर है। उत्पाद विभाग के अनुसार जब्त शराब की बाजार कीमत करीब 85 लाख रुपये आंकी गई है।कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक राजेंद्र सिंह, निवासी जयपुर (राजस्थान), को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि शराब की खेप हरियाणा से बिहार लाई जा रही थी।
हालांकि इसका अंतिम गंतव्य और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।समेकित जांच चौकी स्थित उत्पाद चेकपोस्ट के प्रभारी संतोष कुमार ने बुधवार को बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए गिरफ्तार चालक से पूछताछ की जा रही है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।उत्पाद विभाग ने कहा कि बिहार में शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों और जांच चौकियों पर लगातार निगरानी बढ़ाई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
