जोरदार टक्कर के बाद नाले में पलटा टेंपो, महिला गंभीर रूप से घायल

कुदरा के सकरी मोड़ के समीप भीषण सड़क हादसा, ट्रॉली ट्रक की टक्कर से टेंपो नाले में पलटा

कुदरा (कैमूर)। कुदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सकरी मोड़ के समीप सोमवार दोपहर करीब 2 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सासाराम की ओर से तेज रफ्तार में आ रही सरिया लदी ट्रॉली ट्रक ने एक टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित नाले में पलट गया। हादसे में टेंपो सवार एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

हालांकि गनीमत रही कि टेंपो में मौजूद अन्य लोग बाल-बाल बच गए। दुर्घटना के बाद आसपास के स्थानीय लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव में जुट गए। स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।घायल महिला की पहचान समा परवीन (25 वर्ष), पिता सैयद अंसारी, निवासी रैगी गांव, शिवसागर, जिला रोहतास के रूप में बताई जा रही है।

अस्पताल में चिकित्सकों ने महिला का प्राथमिक उपचार किया।इलाज कर रहे डॉ. संजय कुमार ने बताया कि घायल महिला की स्थिति गंभीर थी। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने हादसे से संबंधित जानकारी जुटाई। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।स्थानीय लोगों के अनुसार सकरी मोड़ के समीप तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही के कारण अक्सर दुर्घटना का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से इस क्षेत्र में वाहनों की गति पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम किए जाने की मांग की है।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!