
पाढ़ी पंचायत सरकार भवन में सहयोग शिविर का आयोजन, बीडीओ ने लिया जायजा
चांद। कैमूर जिले के चांद प्रखंड अंतर्गत पंचायत सरकार भवन पाढ़ी में आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे, जिससे ग्रामीणों को अपनी समस्याओं और आवेदनों के लिए अलग-अलग कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ा।सहयोग शिविर का निरीक्षण करने चांद प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मोहम्मद हदीद खान पहुंचे।
उन्होंने शिविर में मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों से जानकारी ली और आम लोगों से प्राप्त किए जा रहे आवेदनों तथा उनके निष्पादन की प्रक्रिया का जायजा लिया।इस दौरान बीडीओ मोहम्मद हदीद खान ने बताया कि सहयोग शिविर का सबसे बड़ा लाभ आम जनता को यह मिलता है कि किसी विभाग के कर्मचारी या अधिकारी को ढूंढने के लिए लोगों को अलग-अलग कार्यालयों में जाने की जरूरत नहीं पड़ती। सभी संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी एक ही स्थान पर मौजूद रहते हैं
और ग्रामीण अपनी समस्या से संबंधित आवेदन शिविर में ही जमा कर सकते हैं।उन्होंने कहा कि जो मामले मौके पर ही त्वरित निष्पादन के योग्य होते हैं, उनका समाधान तत्काल करने का प्रयास किया जाता है। वहीं, जिन मामलों में विभागीय प्रक्रिया या जांच की आवश्यकता होती है, उनका नियमानुसार निष्पादन किया जाता है। ऐसे मामलों को निर्धारित समय-सीमा के अंदर पूरा करना अनिवार्य है और अधिकतम 30 दिनों के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाता है।शिविर में ग्रामीणों ने विभिन्न विभागों से संबंधित अपनी समस्याएं और आवेदन अधिकारियों के समक्ष रखे। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा आवेदनों को प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई। इससे ग्रामीणों में भी संतोष देखा गया।सहयोग शिविर में अंचल अधिकारी, स्वच्छता समन्वयक, पंचायत के मुखिया, पीएचईडी के जेई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित मामलों में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।बीडीओ ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई करें और जिन मामलों का समाधान शीघ्र संभव है, उनका त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविर का उद्देश्य सरकारी व्यवस्था को आम जनता के करीब लाना और लोगों को सुविधाजनक तरीके से सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराना है।ग्रामीणों ने भी पंचायत सरकार भवन में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी को उपयोगी बताते हुए कहा कि एक ही स्थान पर कई विभागों से जुड़ी समस्याओं का समाधान होने से समय और धन दोनों की बचत होती है। सहयोग शिविर के माध्यम से प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित होने से सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने में भी मदद मिल रही है।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
