
मुर्गी फार्म के पास से पांच चोर गिरफ्तार, तीन बाइक व 25 लीटर चोरी का पेट्रोल बरामद
दुर्गावती। कैमूर पुलिस ने चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। दुर्गावती थाना क्षेत्र के कृपालपुर गांव स्थित मुर्गी फार्म के पास छापेमारी कर पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से तीन मोटरसाइकिल, करीब 25 लीटर चोरी का पेट्रोल और एक बड़ा इलेक्ट्रिक तराजू बरामद किया गया है। पुलिस की कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हुई चोरी की दो घटनाओं के उद्भेदन का दावा किया गया है।मामले की जानकारी मोहनिया प्रभारी डीएसपी दया शंकर कुमार ने दुर्गावती थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कृपालपुर स्थित मुर्गी फार्म के पास कुछ संदिग्ध व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिल और पेट्रोल के साथ मौजूद हैं।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर दुर्गावती थानाध्यक्ष गिरीश कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।विशेष पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर तत्काल कृपालपुर गांव स्थित मुर्गी फार्म के पास छापेमारी की। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद संदिग्धों में हड़कंप मच गया। पुलिस टीम ने मौके से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से तीन मोटरसाइकिल, करीब 25 लीटर पेट्रोल और एक बड़ा इलेक्ट्रिक तराजू बरामद किया गया।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने दुर्गावती थाना क्षेत्र के कृपालपुर स्थित मुर्गी फार्म में हुई चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
इसके अलावा रामगढ़ थाना क्षेत्र के रहाड़ी गांव स्थित एक किराना दुकान में हुई चोरी की घटना में भी आरोपियों ने शामिल होने की बात पुलिस के समक्ष स्वीकार की है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर दोनों चोरी की घटनाओं का उद्भेदन कर लिया गया है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अली शेर कुरैशी, आरिफ कुरैशी और अरमान कुरैशी, तीनों डुमरी गांव निवासी, अरुण यादव, निवासी कृपालपुर तथा अंकित कुमार, निवासी महुअर गांव के रूप में हुई है।पुलिस ने बरामद तीनों मोटरसाइकिलों और अन्य सामान को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बरामद पेट्रोल और मोटरसाइकिल किन घटनाओं से संबंधित हैं तथा आरोपियों ने चोरी की वारदातों को किस तरीके से अंजाम दिया।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से अभी पूछताछ जारी है।
पूछताछ के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर चोरी की अन्य घटनाओं में भी उनकी संभावित संलिप्तता की जांच की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के बाद क्षेत्र में हुई चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में भी महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं।कैमूर पुलिस की इस कार्रवाई से चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि वे अपने आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
