गरीबों को मिला पक्का घर!पीएम आवास के लाभुकों को चाबी और स्वीकृति पत्र

प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के लाभुकों को वितरित किए गए स्वीकृति पत्र, शुभकामना पत्र एवं गृह प्रवेश की चाबी

भभुआ (कैमूर)। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत लाभुकों को स्वीकृति पत्र, शुभकामना पत्र एवं गृह प्रवेश की प्रतीकात्मक चाबी वितरण को लेकर गुरुवार को जिला मुख्यालय सहित सभी प्रखंडों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम पटना के बापू सभागार में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह के साथ जुड़कर संपन्न हुआ, जिसमें केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं बिहार के मुख्यमंत्री की उपस्थिति रही।राज्य सरकार के निर्देश के आलोक में कैमूर जिले में भी जिला एवं प्रखंड स्तर पर लाभुकों के बीच स्वीकृति पत्र, शुभकामना पत्र और गृह की चाबी का वितरण किया गया।

जिला स्तर पर मां मुंडेश्वरी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सांसद मनोज कुमार, विधायक भरत बिंद, विधायक संगीता कुमारी, जिला पदाधिकारी कुमार अनुराग, उप विकास आयुक्त दिव्या शक्ति, अपर समाहर्ता अनिल कुमार, डीआरडीए के निदेशक लेखा प्रशासन एवं स्वनियोजन प्रीतम आनंद तथा राष्ट्रीय नियोजन कार्यक्रम के निदेशक मयंक कुमार सिंह समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।कार्यक्रम के दौरान भभुआ, भगवानपुर एवं रामपुर प्रखंड के कुल 12 नवस्वीकृत लाभुकों को प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया।

वहीं प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय किस्त प्राप्त कर चुके 12 लाभुकों को शुभकामना पत्र वितरित कर आवास निर्माण कार्य समय पर पूरा करने के लिए प्रेरित किया गया।इसके अलावा भभुआ एवं रामपुर प्रखंड के पांच लाभुकों को आवास निर्माण पूर्ण होने पर गृह प्रवेश की प्रतीकात्मक चाबी सौंपी गई। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने लाभुकों को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।अधिकारियों ने बताया कि जिला मुख्यालय के साथ-साथ सभी प्रखंड मुख्यालयों में भी प्रखंड विकास पदाधिकारियों की उपस्थिति में इसी प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां पात्र लाभुकों के बीच स्वीकृति पत्र, शुभकामना पत्र एवं गृह की चाबी का वितरण किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से लाभुकों में उत्साह का माहौल देखा गया तथा सरकार की आवासीय योजनाओं के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत हुआ।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!