चैनपुर में संत रविदास जयंती पर जागरूकता यात्रा, पात्र लाभुकों तक पहुंचेगा योजनाओं का लाभ

शिरोमणि संत रविदास जयंती पर चैनपुर में जागरूकता यात्रा, वंचितों को योजनाओं का लाभ दिलाने की पहल

चैनपुर (कैमूर)। शिरोमणि संत रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के तत्वावधान में चैनपुर प्रखंड में विशेष जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। अभियान के तहत शुक्रवार को चैनपुर प्रखंड मुख्यालय परिसर से संत रविदास मंदिर तक जागरूकता भ्रमण निकाला गया। इसका उद्देश्य समाज के वंचित एवं पात्र लोगों को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना और उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए जागरूक करना रहा।

जागरूकता भ्रमण में चैनपुर के प्रखंड कल्याण पदाधिकारी अंशु कुमार और प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिषेक यादव शामिल हुए। उनके साथ चैनपुर उत्तरी मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र पांडेय, विकास मित्र रामाकांत राम, संतोष कुमार, विकास कुमार सहित प्रखंड के विभिन्न विभागों के कर्मियों और जीविका दीदियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। यात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने लोगों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने वाले नारे लगाए और पात्र लाभुकों को उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी।

बताया गया कि बिहार सरकार के मुख्यमंत्री के निर्देश पर संत रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर यह विशेष अभियान शुरू किया गया है। अभियान का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति सहित समाज के उन पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, जो किसी कारणवश अब तक इन सुविधाओं से वंचित रह गए हैं।अभियान के तहत विभिन्न क्षेत्रों में विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे।

इन कैंपों के माध्यम से पात्र लोगों को आवास योजना, पेंशन तथा विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्र से संबंधित सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहायता की जाएगी। इसके अलावा उज्ज्वला योजना सहित भूमि से जुड़े मामलों में भी लोगों की समस्याओं के समाधान और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।प्रशासन की ओर से अधिकारियों और कर्मियों के माध्यम से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी।

साथ ही ऐसे लोगों की पहचान करने पर विशेष जोर रहेगा, जो पात्र होने के बावजूद अभी तक सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं ले पाए हैं। अभियान के दौरान संबंधित विभागों के कर्मी ऐसे लाभुकों को चिन्हित कर उन्हें योजनाओं से जोड़ने की दिशा में पहल करेंगे।अधिकारियों ने बताया कि यह विशेष अभियान 17 अगस्त 2026 से शुरू होकर 15 फरवरी 2027 तक चलेगा। इस दौरान क्षेत्र में जागरूकता कार्यक्रमों के साथ-साथ जरूरत के अनुसार विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं की जानकारी को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और पात्र लाभुकों को योजनाओं का वास्तविक लाभ दिलाना है।

कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों एवं कर्मियों ने लोगों से अपील की कि वे सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और पात्र होने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत उनका लाभ उठाएं। प्रशासन की इस पहल से उम्मीद है कि योजनाओं से अब तक वंचित पात्र परिवारों की पहचान कर उन्हें आवास, पेंशन, प्रमाण पत्र, उज्ज्वला योजना और भूमि संबंधी सुविधाओं समेत अन्य सरकारी योजनाओं से जोड़ा जा सकेगा।जागरूकता भ्रमण के माध्यम से प्रशासन ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है। संत रविदास जयंती के अवसर पर शुरू किया गया यह अभियान सामाजिक जागरूकता के साथ-साथ सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की पहुंच बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!