पक्की सड़क की मांग को लेकर आमरण अनशन, वर्षों से अधूरी है पिपरी-कुड़ारी सड़क
दुर्गावती (कैमूर)। कैमूर जिले के दुर्गावती प्रखंड की ढड़हर पंचायत में पिपरी पुलिया से उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, कुड़ारी तक कच्ची सड़क के पक्कीकरण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने आमरण अनशन शुरू कर दिया है। पिपरी गांव के समीप पूर्व मुखिया भाई चंद्र रावत, मनोज राजभर समेत करीब आधा दर्जन लोग अनशन पर बैठे हैं।
अनशनकारियों ने आंदोलन की लिखित सूचना कैमूर जिलाधिकारी सहित संबंधित विभागीय अधिकारियों को दी है।अनशनकारी मनोज राजभर ने बताया कि आजादी के बाद से अब तक पिपरी पुलिया से कुड़ारी विद्यालय तक जाने वाली सड़क का पक्कीकरण नहीं हो सका है। कच्ची सड़क होने के कारण आसपास के कई गांवों के ग्रामीणों और विद्यार्थियों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
खासकर बरसात के मौसम में सड़क पर कीचड़ और जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो जाने से विद्यालय आने-जाने वाले बच्चों की परेशानी और बढ़ जाती है।उन्होंने बताया कि इस मार्ग का उपयोग ढड़हर, पिपरी, मझवा, कान्हपुर, बिलखुरी, धनसराय, सखेलीपुर और बढ़ौरी सहित कई गांवों के विद्यार्थी विद्यालय पहुंचने के लिए करते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पक्की होने से न केवल विद्यार्थियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि कई गांवों के लोगों को भी आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।अनशनकारियों के अनुसार सड़क निर्माण को लेकर सर्वे और डीपीआर की प्रक्रिया पहले ही पूरी की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद धरातल पर निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है।
ग्रामीणों का कहना है कि सीधा रास्ता उपलब्ध नहीं होने के कारण लोगों को जीटी रोड, कर्मनाशा हाईवे और भानपुर होकर करीब 12 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। इससे समय और आर्थिक दोनों तरह का नुकसान होता है।ग्रामीणों ने तैयार डीपीआर के आधार पर मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (एमजीएसवाई) के तहत सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क निर्माण की मांग लंबे समय से उठाई जा रही है, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण उन्हें आमरण अनशन का रास्ता अपनाना पड़ा है।आमरण अनशन में पूर्व मुखिया भाई चंद्र रावत, अलीहार सिंह यादव, जय नारायण राजभर और अरुण राजभर समेत अन्य ग्रामीण शामिल हैं।
अनशनकारियों ने प्रशासन से जल्द पहल कर सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू कराने की मांग की है।इधर, रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के बसपा विधायक सतीश यादव उर्फ पिंटू ने कहा कि सड़क निर्माण के लिए पूर्व में टेंडर कराया गया था, लेकिन सरकार की ओर से उसे निरस्त कर दिया गया। उन्होंने बताया कि दोबारा टेंडर कराने के संबंध में विभागीय सचिव को पत्र लिखा गया है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही सड़क निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।अब देखना होगा कि वर्षों से सड़क निर्माण की मांग को लेकर चल रहा यह आंदोलन कब समाप्त होता है और पिपरी से कुड़ारी तक सड़क पक्कीकरण की योजना कब धरातल पर उतरती है।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट/
