
कुदरा में तीन महीने नई PCC सड़क धंसी, ट्रैक्टर का पहिया फंसा, ग्रामीणों ने किया हंगामाकैमूर जिला अधिकारी ने कहा कि यह जांच का विषय है दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी.
कैमूर जिले के कुदरा नगर पंचायत के वार्ड नंबर-3 स्थित गरवाडीह गांव में निर्माण कार्य की पोल खुल गई है। यहां करीब तीन महीने पहले नई बनी PCC सड़क ईंट लदे ट्रैक्टर के गुजरते ही धंस गई। ट्रैक्टर का पिछला पहिया सड़क के बीचों-बीच फंस गया, जिसके बाद ईंटों को वहीं उतारना पड़ा।सड़क धंसने के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। पुरुष और महिलाएं सड़क पर उतर आए और ठेकेदार व विभाग के खिलाफ जमकर विरोध जताया। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया और मिट्टी भराई का काम सही तरीके से नहीं हुआ।ग्रामीण विक्की और चंदन कुमार ने बताया कि सड़क बने अभी तीन महीने ही हुए हैं।
अगर काम गुणवत्तापूर्ण होता तो पहली बार भारी वाहन के गुजरने पर सड़क इस तरह नहीं धंसती। सड़क धंसने से स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को आने-जाने में परेशानी हो रही है।बताया गया है कि यह योजना वार्ड-3 में बांसुरोपण खरवार के घर से उत्तर पिंटू पाल के घर की ओर PCC सड़क एवं RCC नाला निर्माण की है। इसकी प्राक्कलित राशि 24 लाख 93 हजार 100 रुपये और इकरारनामा राशि 17 लाख 57 हजार 386 रुपये है।सवाल यह है कि लाखों की लागत से बनी सड़क तीन महीने भी नहीं टिक पाई। क्या निर्माण में मानकों का पालन हुआ था? इस संबंध में जेई से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उन्होंने जानकारी देने के बजाय फोन स्विच ऑफ कर दिया।फिलहाल ग्रामीणों ने सड़क की गुणवत्ता की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।वही इस संबंध में कैमूर जिला अधिकारी कुमार अनुराग ने जानकारी देते हुए बताया कि आपके द्वारा जानकारी दी गई है तो इसकी जांच होगीइस तरह के मामले में दोषी पाये जाने पर कार्रवाई की जाएगी.
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
