
पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास, अखनी गांव में घेराबंदी के बाद चार गिरफ्तार
नुआंव/कैमूर। नुआंव थाना क्षेत्र में शनिवार की रात अवैध हथियार लेकर जा रहे संदिग्धों की सूचना पर कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पुलिस वाहन को टक्कर मारकर भागने का प्रयास किया और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने अखनी गांव की घेराबंदी कर ड्रोन की मदद से सघन तलाशी अभियान चलाया, जिसमें चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया।पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर 2026 की शाम करीब सात बजे नुआंव थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि अखनी निवासी आरिफ खान एवं कुछ अन्य संदिग्ध मैरून रंग की टाटा सफारी से कथित तौर पर अवैध हथियार लेकर दिलदारनगर से परसथुआ की ओर जा रहे हैं।
सूचना में यह भी बताया गया कि गुड्डु यादव रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल से वाहन को स्कॉट कर रहा है।सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए कैमूर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में नुआंव थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तियरा नहर पुल एवं महरथा मोड़ के समीप सघन वाहन जांच शुरू की।इसी दौरान पुलिस ने एक कार और एक टाटा सफारी स्टॉर्म को घेराबंदी कर रोकने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, वाहन सवार लोगों ने पुलिस वाहन में टक्कर मार दी और भागने की कोशिश की। इसी दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग किए जाने का भी आरोप है।
इसके बाद सभी संदिग्ध अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल ने अखनी गांव की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया। पूरे क्षेत्र की निगरानी के लिए ड्रोन का भी इस्तेमाल किया गया। पुलिस की कार्रवाई के दौरान चार संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार आरोपियों में अनिश खान, पिता स्व. निशार खान; फुलवदन यादव उर्फ गुड्डु यादव, पिता महेन्द्र यादव; फैजान खान, पिता स्व. शमसाद खान तथा गुफरान खान, पिता औरंगजेब खान, सभी निवासी अखनी, थाना नुआंव, जिला कैमूर शामिल हैं।पुलिस ने मौके से रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल संख्या BR45R0868, टाटा सफारी स्टॉर्म संख्या UP14EL5438 तथा उजले रंग की कार संख्या GJ15CD5963 बरामद की है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। हथियारों की बरामदगी और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट )
