
चैनपुर/कैमूर। कैमूर जिले के चैनपुर प्रखंड स्थित बाल विकास परियोजना कार्यालय परिसर में सोमवार को पोषण माह के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अभिषेक यादव ने की। इस दौरान बाल विकास परियोजना से जुड़े सभी कर्मियों को पोषण के प्रति जागरूकता फैलाने और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई गई।कार्यक्रम के दौरान बीडीओ अभिषेक यादव ने कहा कि पोषण माह का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक पोषण से संबंधित जरूरी जानकारी पहुंचाना और लोगों को कुपोषण के प्रति जागरूक करना है।
उन्होंने कहा कि बच्चों, किशोरियों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण के लिए सामुदायिक स्तर पर जागरूकता जरूरी है।इसी क्रम में बाल विकास परियोजना से जुड़े एलएस (लेडी सुपरवाइजर), प्रखंड समन्वयक सहित अन्य कर्मियों को पोषण से संबंधित विभिन्न विषयों की जानकारी देते हुए आम लोगों के बीच जागरूकता अभियान चलाने का संदेश दिया गया। कर्मियों से अपील की गई कि वे अपने-अपने क्षेत्र में लोगों को संतुलित आहार, स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं बच्चों के उचित पोषण के प्रति जागरूक करें।कार्यक्रम के बाद जागरूकता रैली भी निकाली गई, जिसमें बाल विकास परियोजना से जुड़े कर्मियों ने भाग लिया।
रैली के माध्यम से लोगों को पोषण के महत्व का संदेश दिया गया तथा स्वस्थ और कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक सहभागिता का आह्वान किया गया।अधिकारियों ने कहा कि पोषण केवल भोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें स्वच्छता, स्वास्थ्य, उचित खान-पान, सुरक्षित पेयजल और बच्चों की देखभाल भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों से अपील की गई कि वे पोषण संबंधी जानकारी को अपने परिवार और आसपास के लोगों तक पहुंचाएं, ताकि समाज में कुपोषण की समस्या को कम किया जा सके।कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना कार्यालय के कर्मियों सहित एलएस, प्रखंड समन्वयक एवं अन्य संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
