
कचरा गाड़ी से कुचलकर 7 वर्षीय मासूम की मौत, नशे में चालक गिरफ्तारबीएचयू ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान तोड़ा दम, ट्रैक्टर जब्ती को लेकर मौके पर बढ़ा तनाव; अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
भभुआ/कैमूर। शहर के छावनी मोहल्ले में नगर परिषद की कचरा उठाव वाली मिनी ट्रैक्टर की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल सात वर्षीय मासूम बच्ची एलिजा की वाराणसी स्थित बीएचयू ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतका वार्ड संख्या-8 निवासी मुन्ना राईन की पुत्री थी।जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार शाम करीब 4:45 बजे की है। एलिजा अपने घर के पास सड़क किनारे जा रही थी। इसी दौरान नगर परिषद की कचरा उठाव वाली मिनी ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर बच्ची को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे इलाज के लिए भभुआ सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया।
परिजन उसे बीएचयू ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान शनिवार को बच्ची ने दम तोड़ दिया।हादसे के बाद चालक फरार, पुलिस ने किया गिरफ्तारघटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चालक अमरनाथ सिंह को गिरफ्तार कर लिया। भभुआ थानाध्यक्ष मुकेश कुमार के अनुसार, चालक की ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गई, जिसमें 89 प्रतिशत अल्कोहल पाए जाने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, जांच में चालक के नशे में होने की पुष्टि हुई है। मामले में आरोपी चालक के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
तालाब के पास खड़ा मिला दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टरहादसे के बाद चालक दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को भभुआ वार्ड संख्या-8 स्थित तालाब के पास छोड़कर फरार हो गया था। पुलिस शाम करीब छह बजे पिकअप की मदद से ट्रैक्टर को टोचन कर जब्त करने पहुंची। इसी दौरान मौके पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई।ट्रैक्टर ले जाने को लेकर स्थानीय लोगों ने किया विरोधपुलिस द्वारा दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को जब्त कर थाने ले जाने की कार्रवाई के दौरान नगर परिषद के कार्यकारी सभापति प्रतिनिधि शैलेंद्र कुमार उर्फ मंटू सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ट्रैक्टर को नगर परिषद की संपत्ति बताते हुए उसे ले जाने से रोकने का प्रयास किया। इसके बाद स्थानीय लोग और मृतका के परिजन आक्रोशित हो गए।
देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।एसडीएम, डीएसपी समेत अधिकारी पहुंचेस्थिति बिगड़ने की सूचना पर भभुआ एसडीएम अमित कुमार, डीएसपी, बीडीओ और भभुआ थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों और परिजनों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को अपने कब्जे में लेकर थाने भिजवाया।मासूम की मौत से पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने घटना की जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
