
गलत दिशा से आ रहे भारी-भरकम ट्रक को निकालने में एनएचएआई ने तोड़े डिवाइडर, एंबुलेंस और स्कूली वाहन भी जाम में फंसे
कुदरा/कैमूर। कैमूर जिले के कुदरा में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (जीटी रोड) पर सोमवार को भारी-भरकम मशीनरी लदा एक ओवरहाइट ट्रक फंस जाने से करीब तीन घंटे तक यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित रही। ट्रक के फंसने के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और पुसौली से खुर्माबाद तक करीब पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया। जाम में स्कूली वाहनों, एंबुलेंस तथा अन्य वाहनों के फंसने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।जानकारी के अनुसार, ओडिशा से भारी मशीनरी पार्ट्स लेकर यह ट्रक उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी की ओर जा रहा था।
बताया जा रहा है कि ट्रक कुदरा क्षेत्र में गलत दिशा से आगे बढ़ रहा था। कुदरा के भभुआ मोड़ फ्लाइओवर के समीप पहुंचने के बाद भारी आकार और ऊंचाई के कारण ट्रक को आगे निकालने में परेशानी हुई और वह जीटी रोड पर फंस गया।ट्रक के फंसने के बाद सड़क पर वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई। स्थिति को देखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की टीम ने ट्रक को निकालने के लिए कई स्थानों पर डिवाइडर को तोड़कर रास्ता बनाने का प्रयास किया। हालांकि, भारी वजन और मशीनरी के बड़े आकार के कारण ट्रक को तत्काल हटाया नहीं जा सका। इसके चलते जाम लगातार बढ़ता गया।पुसौली से खुर्माबाद तक वाहनों की कतारट्रक फंसने के बाद देखते ही देखते जीटी रोड पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम का असर पुसौली से खुर्माबाद तक करीब पांच किलोमीटर क्षेत्र में दिखाई दिया।
छोटे-बड़े वाहनों के साथ स्कूली वाहन भी जाम में फंसे रहे। बताया गया कि एंबुलेंस को भी जाम के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके अलावा इस मार्ग से गुजर रहे पर्यटकों के वाहन भी जाम में फंसे रहे।करीब तीन घंटे तक यातायात प्रभावित रहने से यात्रियों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी हुई। कई वाहन चालक जाम से निकलने के लिए वैकल्पिक रास्तों की तलाश करते नजर आए।पुलिस प्रशासन और एनएचएआई की टीम मौके परघटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और यातायात को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया। पुलिस की मौजूदगी में ट्रक को सुरक्षित तरीके से सड़क से हटाने की कार्रवाई की गई। वहीं एनएचएआई की टीम भी मौके पर मौजूद रही और ट्रक को निकालने के लिए आवश्यक व्यवस्था में जुटी रही।भारी मशीनरी लदे ओवरहाइट ट्रक के सड़क पर फंसने के कारण उसे हटाना प्रशासन और एनएचएआई के लिए बड़ी चुनौती बनी रही।
ट्रक को हटाने के बाद ही जीटी रोड पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह सामान्य होने की स्थिति बनी।ओवरहाइट वाहनों की आवाजाही पर उठे सवालघटना के बाद जीटी रोड पर ओवरहाइट और भारी मशीनरी लदे वाहनों की आवाजाही को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह के बड़े वाहनों के आवागमन के दौरान मार्ग की स्थिति, वाहन की ऊंचाई और यातायात व्यवस्था का पहले से ध्यान रखा जाना जरूरी है, ताकि मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित न हो और आपातकालीन वाहनों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
