
सड़क हादसे में पत्रकार गंभीर घायल, सदर अस्पताल में चल रहा इलाज
यातायात नियमों के पालन और हेलमेट उपयोग की अपील
भभुआ (कैमूर)। कुदरा थाना क्षेत्र के सकरी मोड़ के समीप सोमवार की शाम एक सड़क दुर्घटना में पत्रकार गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार अखिल भारतीय समाचार पत्र की वेबसाइट में कैमूर जिला से सहायक संवाददाता के रूप में कार्यरत रूपेश कुमार दुबे अपने निजी कार्य से सकरी गांव से मोटरसाइकिल द्वारा लौट रहे थे। इसी दौरान स्पीड ब्रेकर के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुदरा पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल भभुआ रेफर कर दिया। फिलहाल उनका इलाज सदर अस्पताल में जारी है।घटना की सूचना मिलते ही सामाजिक कार्यकर्ता एवं परशुराम सेना के प्रदेश अध्यक्ष विनोद तिवारी, पत्रकार ओमप्रकाश तिवारी, रामशंकर चौबे, सतेंद्र शर्मा समेत कई लोग अस्पताल पहुंचे और घायल पत्रकार का हालचाल जाना।
सभी ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता विनोद तिवारी ने लोगों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि वाहन चलाते समय सतर्कता बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि बाइक चालक हमेशा हेलमेट पहनें और चार पहिया वाहन चलाने वाले सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा लगातार यातायात नियमों के पालन को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, बावजूद इसके कई लोग नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। सड़क सुरक्षा केवल आम नागरिकों के लिए ही नहीं, बल्कि पत्रकारों और प्रशासनिक अधिकारियों सहित हर व्यक्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
