मोहनिया उत्पाद विभाग का छापा कार से शराब बरामद कर दो को भेजा जेल

एनएच-19 पर उत्पाद विभाग का शिकंजा, कार से बीयर बरामददो युवक गिरफ्तार, दो अंधेरे का फायदा उठाकर फरार; वाहन जब्त

मोहनिया (कैमूर)। जिले में शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए उत्पाद विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में मोहनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर उत्पाद विभाग की टीम ने रविवार की रात गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से बीयर बरामद की। इस दौरान दो युवकों को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो अन्य अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहे। पुलिस ने कार को भी जब्त कर लिया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार की रात करीब 9:30 बजे उत्पाद विभाग को सूचना मिली कि एक कार में चार लोग सवार होकर कर्णपुरा ओवरब्रिज पार कर रेलवे लाइन के उत्तर दिशा स्थित सड़क मार्ग से मोहनिया की ओर आ रहे हैं।

सूचना मिलते ही उत्पाद विभाग की टीम सक्रिय हो गई और दुधरा गांव के समीप रेलवे ओवरब्रिज तथा राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी।जांच के दौरान जैसे ही संदिग्ध कार राष्ट्रीय राजमार्ग की ओर पहुंची, वाहन में सवार दो व्यक्ति पुलिस टीम को देखकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गए। फरार लोगों की पहचान विनय कुमार सिंह एवं अभय कुमार चौहान के रूप में की गई है। बताया जाता है कि अभय कुमार चौहान सासाराम स्थित एक निजी बैंक में कार्यरत है।

वहीं उत्पाद विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए कार में मौजूद शुभम कुमार सिंह (पिता- राजेश्वर सिंह) तथा प्रिंस कुमार सिंह (पिता- विष्णु शंकर सिंह) को हिरासत में लेकर वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से करीब तीन लीटर बीयर बरामद की गई।बरामदगी के बाद दोनों युवकों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया तथा कार और बीयर को जब्त कर लिया गया। गिरफ्तार दोनों युवक रोहतास जिले के शिवसागर थाना क्षेत्र अंतर्गत विश्रामपुर गांव के निवासी बताए जाते हैं।सोमवार को उत्पाद विभाग ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भभुआ भेज दिया। वहीं फरार दोनों आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इस मामले में चारों आरोपितों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शराबबंदी कानून के उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!