
चौथे प्रयास में मिली सफलता, रानी तिवारी ने BPSC में हासिल की 1323वीं रैंकचार वर्षों की कठिन मेहनत रंग लाई, गांव और जिले का बढ़ाया मान
चांद (कैमूर)। दृढ़ संकल्प, निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर ग्राम पाढ़ी, थाना व पोस्ट चांद की निवासी रानी तिवारी ने बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में सफलता प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। रानी ने अपने चौथे प्रयास में परीक्षा उत्तीर्ण करते हुए 1323वीं रैंक हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे गांव, प्रखंड और जिले में खुशी का माहौल है।
रानी तिवारी के पिता रत्नेश्वर तिवारी तथा माता सरोज देवी ने बेटी की इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद रानी ने कभी हार नहीं मानी और लगातार अपने लक्ष्य की ओर बढ़ती रहीं। लगभग चार वर्षों तक लगातार तैयारी करने के बाद उन्हें यह सफलता मिली है।रानी ने बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन परिवार के सहयोग और अपने आत्मविश्वास के बल पर उन्होंने संघर्ष जारी रखा। उन्होंने कहा कि असफलता कभी भी अंतिम नहीं होती, बल्कि यह आगे बढ़ने और अपनी कमियों को सुधारने का अवसर प्रदान करती है।
चौथे प्रयास में मिली सफलता इस बात का प्रमाण है कि धैर्य और निरंतर प्रयास से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।उनकी सफलता की खबर मिलते ही गांव और आसपास के क्षेत्रों में खुशी की लहर दौड़ गई। परिजनों, रिश्तेदारों, मित्रों एवं शुभचिंतकों ने रानी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। स्थानीय लोगों ने कहा कि रानी की उपलब्धि क्षेत्र की बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
ग्रामीणों का मानना है कि रानी तिवारी ने यह साबित कर दिया है कि ग्रामीण परिवेश से आने वाले छात्र-छात्राएं भी कड़ी मेहनत और लगन के बल पर बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। उनकी सफलता से क्षेत्र के युवाओं में प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति नया उत्साह और आत्मविश्वास पैदा होगा।रानी तिवारी की इस उपलब्धि पर सामाजिक, शैक्षणिक एवं राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने भी उन्हें शुभकामनाएं दी हैं तथा कहा है कि उनकी सफलता कैमूर जिले के लिए गौरव का विषय है।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
