भभुआ पटेल चौक के समिप अमेरिकन लाईब्रेरी में लगी आग से लाखों के सामान नष्ट

भभुआ के अमेरिकन लाइब्रेरी में लगी भीषण आग, लाखों की संपत्ति जलकर राख

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, जांच के बाद होगी कार्रवाईघटना के समय लाइब्रेरी में नहीं थे छात्र, टला बड़ा हादसा

भभुआ (कैमूर)। शहर के व्यस्त इलाके पटेल चौक स्थित अमेरिकन लाइब्रेरी में बुधवार को अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की तेज लपटों ने देखते ही देखते पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे लाइब्रेरी में रखे फर्नीचर, कंप्यूटर, पुस्तकें, दस्तावेज तथा अन्य सामग्री जलकर राख हो गई। हालांकि गनीमत रही कि घटना के समय लाइब्रेरी में कोई छात्र मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर के समय अचानक लाइब्रेरी भवन से धुआं निकलता दिखाई दिया।

कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए इसकी सूचना अग्निशमन विभाग और प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग इतनी भीषण थी कि यदि समय रहते इसे नियंत्रित नहीं किया जाता तो आसपास की दुकानों और प्रतिष्ठानों तक भी फैल सकती थी।प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि विद्युत तारों में तकनीकी खराबी के कारण निकली चिंगारी से आग भड़की, जिसने कुछ ही मिनटों में पूरे लाइब्रेरी परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

घटना की सूचना मिलते ही भभुआ प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) पुरुषोत्तम कुमार भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभावना प्रतीत हो रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि संस्था में आपदा प्रबंधन से संबंधित सुरक्षा मानकों एवं दिशा-निर्देशों का समुचित पालन नहीं किए जाने की बातें भी सामने आ रही हैं।बीडीओ ने कहा कि पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रिपोर्ट जिला पदाधिकारी को सौंपी जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर यदि किसी प्रकार की लापरवाही अथवा सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाई जाती है तो संबंधित संस्था के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।इस घटना के बाद शहर के कोचिंग संस्थानों, लाइब्रेरी और अन्य शैक्षणिक परिसरों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सभी शैक्षणिक संस्थानों में अग्निशमन यंत्रों, आपातकालीन निकास द्वारों तथा आपदा प्रबंधन संबंधी सुरक्षा उपायों की नियमित जांच कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।घटना के बाद इलाके में काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद प्रशासन ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!