
मोहनिया में नेक्सन कार से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद, तस्कर पुलिस को चकमा देकर फरार
मोहनिया (कैमूर)। कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र में गुरुवार को पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक नेक्सन कार से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की। हालांकि पुलिस को देखते ही चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने कार और उसमें लदी शराब को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, मोहनिया थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शराब की बड़ी खेप वाहन के माध्यम से क्षेत्र से होकर गुजरने वाली है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने पटना मोड़ के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान एक संदिग्ध नेक्सन कार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को सामने देख चालक घबरा गया और कार छोड़कर मौके से भाग निकला। पुलिस ने पीछा भी किया, लेकिन वह अंधेरे और भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया।इसके बाद पुलिस ने वाहन की तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई।
शराब की बोतलों की गिनती और उनके ब्रांड का मिलान किया जा रहा है। जब्त शराब की कुल मात्रा का आकलन भी किया जा रहा है। पुलिस ने कार को जब्त कर मोहनिया थाना परिसर में सुरक्षित रखा है।थानाध्यक्ष ने बताया कि बरामद वाहन के स्वामित्व और फरार चालक की पहचान के लिए जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि तस्कर की पहचान कर उसे शीघ्र गिरफ्तार किया जा सके। वाहन के रजिस्ट्रेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट
