
कुदरा थाना का औचक निरीक्षण करने पहुंचे एसपी शिखर चौधरी, अभिलेखों से लेकर सीसीटीवी व्यवस्था तक की गहन जांच
थाना परिसर, कंप्यूटर कक्ष, रजिस्टर व नगर के सीसीटीवी कैमरों का लिया जायजा, लोगों से बोले– किसी भी समस्या पर तुरंत थाने में दें आवेदन
कैमूर जिले के पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने गुरुवार को कुदरा थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर, कंप्यूटर कक्ष, विभिन्न पंजियों एवं अभिलेखों की बारीकी से जांच की। इसके साथ ही नगर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था का भी जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना में उपलब्ध अभिलेखों के संधारण, लंबित मामलों की स्थिति तथा पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं
पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि थाना में आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता से लिया जाए और उसका त्वरित एवं निष्पक्ष निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर की साफ-सफाई, कार्यालय व्यवस्था तथा कंप्यूटर कक्ष का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अभिलेखों को अद्यतन रखने, रिकॉर्ड का व्यवस्थित संधारण करने और तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने पर विशेष जोर दिया।
इस दौरान एसपी ने कुदरा नगरवासियों को भी महत्वपूर्ण संदेश देते हुए कहा कि यदि किसी भी प्रकार की समस्या, अपराध या कानून-व्यवस्था से संबंधित शिकायत हो तो लोग बिना किसी संकोच के सीधे थाना पहुंचकर आवेदन दें। पुलिस उनकी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करेगी और हरसंभव समाधान का प्रयास किया जाएगा।उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी कारणवश थाना स्तर पर समस्या का समाधान नहीं हो पाता है तो संबंधित व्यक्ति सीधे उनसे मिल सकता है। पुलिस जनता की सुरक्षा और विश्वास बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।एसपी के औचक निरीक्षण से थाना पुलिसकर्मियों में सक्रियता देखी गई। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनोन्मुखी बनाना तथा आम लोगों को बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराना बताया गया।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
