
भिट्ठी के पास दर्दनाक सड़क हादसा: बाहा में पलटा ई-रिक्शा, चालक और नौ माह की मासूम की डूबने से मौत
मोहनिया (कैमूर)। मोहनिया थाना क्षेत्र के भिट्ठी गांव के समीप शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में ई-रिक्शा चालक और नौ माह की एक मासूम बच्ची की मौत हो गई। अनियंत्रित होकर ई-रिक्शा सड़क किनारे पानी से भरे बाहा (नहरनुमा जलधारा) में पलट गया, जिससे चालक और बच्ची पानी में डूब गए।
स्थानीय लोगों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू कर अन्य सवारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन चालक और मासूम को नहीं बचाया जा सका।जानकारी के अनुसार मृतक चालक की पहचान पिंकू कुमार कुशवाहा (30 वर्ष), पिता रामदुलार सिंह, निवासी छोटकी मिरिंया के रूप में हुई है। वह ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। शुक्रवार सुबह वह पुसोली से सवारियां लेकर भिट्ठी की ओर जा रहे थे।
ई-रिक्शा में चालक सहित कुल पांच लोग सवार थे।मृतक के छोटे भाई हंसलाल कुमार ने बताया कि भिट्ठी गांव के पास पहुंचते ही अचानक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पानी से भरे बाहा में पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद अन्य यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।इस हादसे में चालक पिंकू कुमार कुशवाहा के साथ अपनी मां के साथ सफर कर रही नौ माह की शना खातून, पिता शरफराज अंसारी, निवासी सादे कवई, की भी डूबने से मौके पर ही मौत हो गई। मासूम की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं चालक की असामयिक मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।घटना की सूचना मिलते ही मोहनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने चालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया।
वहीं बच्ची के परिजन उसका शव बिना पोस्टमार्टम कराए घर ले गए।मोहनिया थाना प्रभारी आलोक कुमार ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे सूचना मिली कि ई-रिक्शा पलटने से बाहा में डूबकर दो लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में एक नौ माह की बच्ची भी शामिल थी। उन्होंने बताया कि बच्ची के परिजन पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते थे, जबकि दूसरे मृतक के शव का आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेजा गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर ग्रामीण सड़कों के किनारे बने खुले और पानी से भरे बाहा के कारण होने वाले हादसों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आवश्यक सुरक्षा उपाय करने की मांग की है।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
