
निर्माणाधीन मकान की छत गिरने से गर्भवती महिला की दर्दनाक मौत, प्रसव से पहले बुझ गई दो जिंदगियां
कुदरा के केवढ़ी गांव में हादसा, एक-दो दिन बाद होना था प्रसव; खाना बनाते समय मलबे में दबने से हुई मौत, पुलिस जांच में जुटी
कुदरा (कैमूर)। कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र के केवढ़ी गांव में शुक्रवार को एक हृदयविदारक हादसे में नौ माह की गर्भवती महिला की निर्माणाधीन मकान की छत का छज्जा गिरने से मौत हो गई। महिला का प्रसव एक-दो दिन के भीतर होने वाला था, लेकिन उससे पहले ही हुए इस हादसे ने मां और गर्भस्थ शिशु दोनों की जिंदगी छीन ली। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।मृतका की पहचान केवढ़ी गांव निवासी नंदू कुमार पाल की 22 वर्षीय पत्नी रंजू कुमारी के रूप में हुई है।
बताया गया कि रंजू कुमारी घर में खाना बना रही थीं। इसी दौरान निर्माणाधीन मकान की छत का छज्जा अचानक भरभराकर गिर पड़ा और वह मलबे में दब गईं।हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकाला। गंभीर अवस्था में उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी की गई, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इस हादसे में गर्भस्थ शिशु की भी जान चली गई।सदर अस्पताल पहुंचे मृतका के पति नंदू कुमार पाल ने बताया कि उनकी पत्नी घर में खाना बना रही थी। तभी अचानक छत का छज्जा गिर गया और वह मलबे में दब गईं।
उन्होंने कहा कि परिवार को इस तरह की घटना की बिल्कुल भी उम्मीद नहीं थी। एक-दो दिन बाद घर में बच्चे के जन्म की खुशियां आने वाली थीं, लेकिन अब पूरा परिवार गहरे सदमे में है।घटना की सूचना मिलते ही कुदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष प्रियेश प्रियदर्शी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में छत गिरने से महिला की मौत की पुष्टि हुई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।इस हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। जिस घर में कुछ ही दिनों बाद नवजात की किलकारियां गूंजने वाली थीं, वहां अब मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग प्रशासन से की है।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
