
समग्र शिक्षा अभियान के डीपीओ विकास कुमार डीएन का नालंदा तबादला,
शिक्षा जगत में चर्चाओं का दौरशिक्षकों ने जताई मायूसी, कहा– शिक्षक हितैषी, कर्मठ और पारदर्शी कार्यशैली वाले अधिकारी के रूप में बनाई थी अलग पहचान
भभुआ (कैमूर)।समग्र शिक्षा अभियान (एसएसए) के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीओ) विकास कुमार डीएन का स्थानांतरण कैमूर से नालंदा कर दिया गया है। शिक्षा विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के बाद जिले के शिक्षा विभाग में नई प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। वहीं उनके स्थानांतरण की खबर से शिक्षकों, प्रधानाध्यापकों एवं विभागीय कर्मियों में मायूसी का माहौल देखा जा रहा है।विकास कुमार डीएन अपने कार्यकाल के दौरान शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने, शिक्षकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जाने जाते रहे।
उन्होंने विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने, प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता बढ़ाने तथा समयबद्ध तरीके से विभागीय कार्यों के निष्पादन को प्राथमिकता दी। उनकी कार्यशैली और सहज व्यवहार के कारण वे शिक्षकों के बीच काफी लोकप्रिय रहे।शिक्षकों का कहना है कि विकास कुमार डीएन हमेशा समस्याओं को गंभीरता से सुनते थे और उनके त्वरित समाधान का प्रयास करते थे। विभागीय बैठकों से लेकर विद्यालयों के निरीक्षण तक उन्होंने कार्य संस्कृति में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया। यही वजह रही कि वे शिक्षक हितैषी अधिकारी के रूप में अपनी अलग पहचान बनाने में सफल रहे।
समग्र शिक्षा अभियान के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके नेतृत्व में कई योजनाएं समय पर धरातल पर उतरीं, जिससे विद्यालयों की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूती मिली।स्थानांतरण की सूचना के बाद जिले के कई शिक्षकों ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि एक ईमानदार, कर्मठ और संवेदनशील अधिकारी का कैमूर से जाना शिक्षा विभाग के लिए बड़ी क्षति है। हालांकि सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे नालंदा में भी अपनी नई जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन करेंगे और शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा देने का कार्य करेंगे।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
