कुदरा एन एच 19 पर भीषण हादसा कार की टक्कर से दंपति घायल

कुदरा थाना के सामने NH-19 पर भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार दंपति घायल

गलत दिशा से आ रही कार ने सामने से बाइक में मारी जोरदार टक्कर, डायल 112 की टीम ने पहुंचाया अस्पतालकुदरा (कैमूर)। कुदरा थाना क्षेत्र में एनएच-19 पर थाना के सामने शनिवार को कार और बाइक के बीच हुई भीषण टक्कर में बाइक सवार दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए कुदरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।बताया जाता है कि रोहतास जिले के नोखा थाना क्षेत्र अंतर्गत पैनार गांव निवासी मनीष कुमार (22 वर्ष) अपनी पत्नी नंदनी कुमारी (20 वर्ष) के साथ बाइक से जा रहे थे।

इसी दौरान कुदरा थाना के सामने एनएच-19 पर सासाराम की ओर गलत दिशा में जा रही एक कार ने सामने से आ रही उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बाइक सवार दंपति घायल हो गए।दुर्घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल मनीष कुमार और नंदनी कुमारी को तत्काल कुदरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया।

प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों की स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए भभुआ सदर अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटाई और मामले की जांच शुरू कर दी है।स्थानीय लोगों के अनुसार एनएच-19 पर गलत दिशा में वाहनों के परिचालन और तेज रफ्तार के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से एनएच पर यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने तथा गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!