
उत्तर प्रदेश से बगैर वैध दस्तावेज लाए जा रहे 10 मवेशी बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार
चैनपुर (कैमूर)। चैनपुर थाना पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पहाड़ी क्षेत्र से 10 मवेशियों को बरामद किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान मवेशियों को बिना वैध दस्तावेज के ले जा रहे दो लोगों को पकड़ा, जिनमें एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है।पुलिस के अनुसार, चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पहाड़ी इलाके में पशुओं की तस्करी किए जाने की सूचना मिली थी।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए संदिग्ध रूप से ले जाए जा रहे मवेशियों को रोककर जांच की। जांच के दौरान पशुओं के परिवहन से संबंधित आवश्यक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद पुलिस ने सभी 10 मवेशियों को जप्त कर लिया।इस मामले में पुलिस ने अरमान कुरैशी, पिता मन्नू कुरैशी, निवासी मुरादाबाद, थाना सासाराम, जिला रोहतास को गिरफ्तार किया है। वहीं, दूसरे व्यक्ति के नाबालिग होने के कारण उसे विधि-विरुद्ध बालक के रूप में निरुद्ध किया गया है।पुलिस की कार्रवाई के बाद बरामद मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर रखने की प्रक्रिया शुरू की गई।
पुलिस मामले में पशुओं को कहां से लाया जा रहा था, उन्हें कहां ले जाया जाना था और इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी भी जांच कर रही है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पशु तस्करी एवं अवैध रूप से पशुओं के परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। बरामद मवेशियों के संबंध में दस्तावेजों और परिवहन से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
