
भभुआ/कैमूर। जिला प्रशासन द्वारा आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान तथा सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से सोमवार को कैमूर जिले के विभिन्न कार्यालयों में जन-संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला मुख्यालय से लेकर प्रखंड एवं ग्रामीण स्तर तक विभागीय पदाधिकारियों ने आम नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और शिकायतें सुनीं।समाहरणालय स्थित जिला पदाधिकारी के जनता का दरबार में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 21 आवेदन प्राप्त हुए।
जिला पदाधिकारी ने प्राप्त मामलों का संज्ञान लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को नियमानुसार निर्धारित समय-सीमा के भीतर मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज आंकड़ों के अनुसार, जिला मुख्यालय स्तर पर अब तक 12 अधिकारियों ने 6 नागरिकों के साथ संवाद किया। वहीं जिले के सभी 11 प्रखंडों में 20 अधिकारियों की उपस्थिति रही, जहां कुल 68 नागरिकों ने अपनी समस्याएं और सुझाव पदाधिकारियों के समक्ष रखे।जिला प्रशासन के अनुसार, जन-संवाद अभियान का मुख्य उद्देश्य सरकारी तंत्र और आम नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि लोगों की समस्याओं की जानकारी स्थानीय स्तर पर प्राप्त हो सके और उनके समाधान की प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके।
जिला नोडल पदाधिकारी ने बताया कि जन-संवाद से प्राप्त फीडबैक के आधार पर लंबित मामलों के निस्तारण में तेजी लाने के साथ-साथ विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।अभियान बसेरा-2 के 18 लाभुक पहुंचे जनता का दरबारजनता का दरबार के दौरान अभियान बसेरा-2 से संबंधित 18 फरियादियों ने अपनी समस्याएं जिला पदाधिकारी के समक्ष रखीं। अभियान बसेरा-2 के तहत भूमिहीन एवं सुयोग्य श्रेणी के परिवारों को भूमि उपलब्ध कराने का प्रावधान है। लाभुकों द्वारा भूमि बंदोबस्ती से संबंधित समस्याओं एवं प्रक्रिया की जानकारी जिला पदाधिकारी से प्राप्त की गई।जिला पदाधिकारी ने लाभुकों को अभियान बसेरा-2 के तहत भूमि बंदोबस्ती की प्रक्रिया एवं आवश्यक प्रमाण-पत्र से संबंधित जानकारी दी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि भूमि बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र संबंधित अंचल कार्यालय में ही उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए लाभुकों को किसी राज्य स्तरीय कार्यालय का चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं है।डीएम ने अपर समाहर्ता एवं जिले के सभी अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान बसेरा-2 के लाभुकों के साथ समन्वय स्थापित कर उनके बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र का निर्गमन अंचल कार्यालय स्तर पर ही सुनिश्चित करें। इसका उद्देश्य लाभुकों को अनावश्यक परेशानी से बचाना और भूमि बंदोबस्ती से जुड़े मामलों का स्थानीय स्तर पर शीघ्र निष्पादन करना है।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
